गोरखपुर में रक्षाबंधन पर एसएसबी जवानों को बांधी राखी, पूर्व मेयर सत्या पांडेय के साथ छात्राओं ने मनाया रक्षा पर्व

मनोज कुमार त्रिपाठी 

गोरखपुर! रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों के साथ रक्षा पर्व मनाया गया। गोरखपुर के फर्टिलाइजर स्थित SSB परिसर में गोरखपुर की पूर्व महापौर सत्या पांडेय और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया।

विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने जवानों को राखी बांधी। इस दौरान परिसर में रक्षाबंधन की खुशियां देखने को मिलीं। छात्राओं ने जवानों के साथ रक्षा पर्व मनाते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने देशभक्ति और भाई-बहन के स्नेह का संदेश दिया।

पूर्व महापौर सत्या पांडेय ने कहा कि देश की सीमाओं और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जवान अपने परिवार से दूर रहकर देश की सेवा करते हैं और ऐसे अवसर पर उनके साथ रक्षा सूत्र बांधना भावनात्मक रूप से विशेष महत्व रखता है।

सत्या पांडेय ने कार्यक्रम में सहभागी बनीं छात्राओं और विद्यालयों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सहभागिता से कार्यक्रम और भी यादगार बन गया।

रक्षाबंधन के इस आयोजन ने जवानों और छात्राओं के बीच अपनत्व और भाईचारे का भाव मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान देशसेवा में जुटे जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *