योगी की 60+ महिलाओं को रक्षाबंधन पर फ्री बस यात्रा की सौगात

मनोज कुमार त्रिपाठी 

लखनऊ! रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को हुई योगी कैबिनेट की बैठक में 24 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला प्रमुख है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं राज्य परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उम्र की पुष्टि आधार कार्ड के जरिए किए जाने की बात कही गई है। इस योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं तक पहुंचाने की तैयारी है।

इस फैसले को सरकार की महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर ग्रामीण और मध्यम वर्गीय परिवारों की बुजुर्ग महिलाओं को इससे आवागमन में आर्थिक राहत मिल सकती है।

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए विशेष बस सेवा

सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को अतिरिक्त राहत देने का भी फैसला किया है। निर्धारित अवधि के दौरान महिलाएं रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। उनके साथ एक यात्री को भी यात्रा की अनुमति दिए जाने की जानकारी सामने आई है। त्योहार के दौरान महिलाओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए 400 करोड़ रुपये

कैबिनेट बैठक में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। सरकार ने 400 करोड़ रुपये की मंजूरी इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए दी है। इस राशि से 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। इनमें 42 और 52 सीटों वाली बसें शामिल होंगी। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के साथ प्रदूषण कम करना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

IT सिटी और निवेश से जुड़े नियमों में बदलाव

बैठक में उत्तर प्रदेश की सूचना प्रौद्योगिकी नीति में भी संशोधन को मंजूरी दी गई। IT सिटी विकसित करने के लिए जरूरी भूमि से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है। इससे छोटे क्षेत्र में भी आईटी से जुड़े प्रोजेक्ट शुरू करने का रास्ता आसान हो सकता है और नए निवेश को आकर्षित करने की कोशिश की जाएगी।

लखनऊ-हरदोई सीमा पर बनेगा टेक्सटाइल पार्क

कैबिनेट ने प्रधानमंत्री मेगा इंट्रीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल पार्क (PM MITRA) योजना के तहत लखनऊ-हरदोई सीमा पर प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क के लिए फाइनल बिड दस्तावेज को भी मंजूरी दी है। करीब 1000 एकड़ में विकसित होने वाले इस पार्क को PPP मॉडल पर तैयार किया जाएगा। 

परियोजना में सड़क, बिजली और पानी जैसी बाहरी सुविधाओं के विकास की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी, जबकि आंतरिक विकास के लिए मास्टर डेवलपर का चयन किया जाएगा।

गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक ले जाने की तैयारी

यूपी सरकार ने सड़क कनेक्टिविटी को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तारित करने की योजना को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा जालौन से झांसी तक करीब 103 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *