सोनौली बॉर्डर से नेपाल को बड़ी राहत, चार ट्रकों में भेजी गई लाखों की मदद

बाढ़ प्रभावित चार जिलों के परिवारों तक पहुंचेगा जरूरी सामान, कस्टम प्रक्रिया पूरी कर खेप रवाना

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली। नेपाल में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारत की ओर से राहत का एक और बड़ा कदम सामने आया है। सोनौली बॉर्डर के रास्ते चार ट्रकों में राहत सामग्री नेपाल भेजी गई, जिसे बाढ़ प्रभावित रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और गोरखा जिलों के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।

 

गायत्री परिवार काठमांडू और उत्तराखंड की ओर से उपलब्ध कराई गई इस राहत सामग्री की दस्तावेजी कीमत करीब 49 लाख 46 हजार 250 रुपये बताई गई है। खेप में त्रिपाल, कंबल, दरी, कपड़े, चटाई, साड़ी, बर्तन समेत जरूरत का अन्य सामान शामिल है।

राहत सामग्री को नेपाल ले जाने के लिए सोनौली कस्टम स्टेशन पर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। नेपाल के गृह मंत्रालय की संबंधित शाखा ने राहत सामग्री पर भंसार और अन्य करों में छूट के लिए भी आवश्यक अनुरोध किया था।

कस्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों ट्रक सोनौली बॉर्डर से नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए रवाना हो गए। संकट की घड़ी में पहुंची यह राहत प्रभावित परिवारों के लिए सहयोग और उम्मीद की एक अहम कड़ी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *