दिलीप त्रिपाठी
नौतनवा। महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में खनुआ तिराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान चिकित्सकों की कथित लापरवाही के चलते युवक की हालत बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और समर्थकों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर जमकर बवाल काटा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों को लेकर भी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


