डॉक्टरों के समर्पण को मिलेगा ‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान’, गोरखपुर में जुटेंगे सात जिलों के 50 से अधिक चिकित्सक

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल होंगी मुख्य अतिथि, एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता रहेंगी विशिष्ट अतिथि

मनोज कुमार त्रिपाठी 

गोरखपुर। चिकित्सा सेवा को समर्पण, संवेदना और मानवता का पर्याय बनाने वाले चिकित्सकों के सम्मान में ‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान–2026’ का भव्य आयोजन शनिवार, 5 सितंबर को गोरखपुर के होटल मैरियट में किया जाएगा। ‘एक शाम डॉक्टरों के नाम’ थीम पर आयोजित इस समारोह में गोरखपुर मंडल समेत सात जिलों के 50 से अधिक चिकित्सकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल होंगी। वहीं एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता (सेवानिवृत्त) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। समारोह का शुभारंभ शाम 6:30 बजे होगा।

सम्मान के लिए गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और संत कबीर नगर के चिकित्सकों का चयन किया गया है। इनमें एम्स गोरखपुर, मेडिकल कॉलेज के साथ विभिन्न सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों से जुड़े डॉक्टर शामिल हैं।

चिकित्सकों का चयन चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट योगदान, मरीजों के प्रति समर्पण, जनसेवा और अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के आधार पर किया गया है। कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाले चिकित्सकों को इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान–2026’ का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को पहचान और सम्मान देना है। साथ ही यह आयोजन डॉक्टरों के प्रति समाज में सम्मान और विश्वास को मजबूत करने तथा चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

समारोह में चिकित्सा जगत के प्रमुख चिकित्सक, चिकित्सा संस्थानों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम को लेकर चिकित्सा जगत में विशेष उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *