हिंदुस्तान चिकित्सक सम्मान, गोरखपुर डॉक्टरों के समर्पण को मिलेगा ‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान’

सात जिलों के 50 से अधिक चिकित्सक होंगे सम्मानित, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल होंगी मुख्य अतिथि

“एक शाम डाक्टरों के नाम” की थीम पर आयोजित होने जा रहा है समारोह 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

गोरखपुर! चिकित्सा सेवा को समर्पण, संवेदना और मानवता का पर्याय बनाने वाले चिकित्सकों के सम्मान में हिन्दुस्तान समाचार पत्र की ओर से ‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान–2026’ का आयोजन शनिवार, 5 सितंबर को होटल मैरियट, गोरखपुर में किया जाएगा। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सात जिलों के 50 से अधिक चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल होंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता (सेवानिवृत्त), कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, एम्स गोरखपुर होंगी। समारोह शाम 6:30 बजे शुरू होगा।

सात जिलों से आएंगे चिकित्सक

‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान–2026’ के लिए गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और संत कबीर नगर के चिकित्सकों का चयन किया गया है। चिकित्सा सेवा, मरीजों के प्रति समर्पण, जनसेवा और अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इन चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा।

सम्मान पाने वालों में एम्स गोरखपुर, मेडिकल कॉलेज तथा विभिन्न सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों से जुड़े चिकित्सक शामिल हैं। आयोजन के माध्यम से उन चिकित्सकों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा, जो कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

चिकित्सा जगत की उपलब्धियों को मंच

‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान’ का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को पहचान और सम्मान देना है। चिकित्सकों के प्रति समाज में सम्मान और विश्वास को और मजबूत करने के साथ यह आयोजन चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने का भी प्रयास है।

समारोह में चिकित्सा जगत से जुड़े प्रमुख चिकित्सक, चिकित्सा संस्थानों के प्रमुख/प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे। ‘एक शाम डॉक्टरों के नाम’ की थीम पर आयोजित यह समारोह चिकित्सा सेवा और मानवता के प्रति समर्पण को समर्पित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *