शिक्षक दिवस पर नौतनवा के बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, DM-SP ने थपथपाई पीठ; हाईटेंशन तारों पर DM सख्त

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज, 05 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पं. दीन दयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति विद्यालय, नौतनवा पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया। अधिकारियों ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा देखी और उनकी जमकर सराहना की।

विद्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी ने दिव्यांग शिक्षिका किरण भारद्वाज को पुष्पगुच्छ भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद DM और SP ने मां सरस्वती तथा पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

कबाड़ से बच्चों ने बना दिया ‘वंडर’

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा मिट्टी और अनुपयोगी कागज से तैयार आकर्षक कलाकृतियों ने अधिकारियों का ध्यान खींचा। जिलाधिकारी ने बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन कलाकृतियों में बच्चों की प्रतिभा के साथ शिक्षकों की सोच, मेहनत और नवाचार भी साफ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि ‘वेस्ट टू वंडर’ की अवधारणा को बच्चों ने जिस खूबसूरती से साकार किया है, वह सराहनीय है। शिक्षकों में बच्चों को कुछ नया सिखाने और उनकी प्रतिभा निखारने की इच्छा हो तो उसका सकारात्मक असर विद्यार्थियों पर भी दिखाई देता है।

 

 

सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव पर बच्चों का दमदार संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए सोशल मीडिया के अत्यधिक और असंतुलित इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया।

नाटक की प्रस्तुति के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों के बीच मिठाई वितरित कर उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

 

SP बोले—बच्चों की प्रतिभा निखारने में शिक्षक अहम

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि मिट्टी और अनुपयोगी कागज से बनाई गई कलाकृतियां बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को उनके प्रयासों के लिए बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

DM ने बच्चों से कहा—‘आपकी प्रतिभा अद्भुत है’

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “आपका उत्साह और आपकी प्रतिभा अद्भुत है। इसी ऊर्जा और लगन के साथ आगे बढ़ते रहें।”

उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के अनेक विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

बच्चों की सुरक्षा पर DM सख्त, हाईटेंशन तार हटाने के निर्देश

विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने डाइनिंग हॉल समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए।

वहीं विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तारों को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को तत्काल हाईटेंशन तार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा को किसी भी तरह का खतरा न रहे।

इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव, उप जिलाधिकारी नौतनवा कुणाल कुमार, विद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *