दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव में देर रात एक दर्दनाक घटना से हड़कंप मच गया। घर में रखे हेलमेट के फोम के अंदर छिपे जहरीले सांप ने बेड पर सो रहे मां-बेटे को डस लिया। सर्पदंश से 11 वर्षीय अर्पित की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि मां और बेटा एक ही बेड पर सो रहे थे। इसी दौरान हेलमेट के अंदर छिपे सांप ने अर्पित की उंगली में काट लिया। बेटे की चीख सुनकर मां की नींद खुली। उसने सांप को पकड़कर हटाने की कोशिश की, इसी दौरान सांप ने मां के गाल पर भी डस लिया।
घटना के बाद परिजन इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में गाजीपुर स्थित सती माता मंदिर पहुंच गए। वहां काफी समय बीतने के बाद अर्पित की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिजन शव लेकर निराश घर लौटे। इसी बीच मां की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने वन्यजीव रक्षक को बुलाया। घर की तलाशी के दौरान हेलमेट के अंदर फोम में छिपे जहरीले सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना ने एक बार फिर सर्पदंश के मामलों में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराने की जरूरत को सामने ला दिया है।


