जनता की फरियाद सुनने वाली चौकी में ही मना युवक का जन्मदिन!

पुलिसकर्मियों और दरोगा की मौजूदगी में केक कटने का वीडियो वायरल, चौकी परिसर में निजी आयोजन पर उठे सवाल

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र स्थित अड्डा बाजार चौकी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में चौकी परिसर में एक युवक का जन्मदिन मनाते हुए लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक केक काटता दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर कई पुलिसकर्मी और एक दरोगा भी मौजूद नजर आ रहे हैं।

जिस स्थान पर आम तौर पर पुलिसकर्मी क्षेत्र की जनता की शिकायतें सुनते हैं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाते हैं, उसी चौकी परिसर में निजी जन्मदिन समारोह का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वायरल वीडियो में जन्मदिन के दौरान लोगों की मौजूदगी और पुलिसकर्मियों की सहभागिता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी एक ड्यूटी स्थल है, जहां फरियादियों की समस्याएं सुनी जाती हैं और पुलिसकर्मी अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में चौकी परिसर में निजी कार्यक्रम आयोजित होना विभागीय नियमों और आचरण के अनुरूप है या नहीं, यह जांच का विषय है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अड्डा बाजार चौकी परिसर में युवक का जन्मदिन मनाने की अनुमति किस स्तर से मिली और इस आयोजन में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी किस परिस्थितियों में हुई? क्या यह आयोजन पुलिसकर्मियों की जानकारी में हुआ या फिर अचानक चौकी परिसर में ही जन्मदिन मनाया गया?

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उक्त वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी निचलौल द्वारा की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस विभाग इस मामले में जांच करता है या नहीं और यदि चौकी परिसर में निजी आयोजन की पुष्टि होती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *