परतावल-महराजगंज मार्ग पर सेमरा चंदरौली में हादसा, टक्कर मारकर फरार हुआ वाहन; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सेमरा चंदरौली गांव में रविवार रात करीब 10:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा एचडीएफसी बैंक के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।


सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया
मृतकों की पहचान सूरज (22) पुत्र बधूराम और नीतीश (19) पुत्र अमरनाथ के रूप में हुई है। दोनों पीपरदेउवा, थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से परतावल की ओर से महराजगंज जा रहे थे। इसी दौरान सेमरा चंदरौली में एचडीएफसी बैंक के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
आरोपी वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।


