मिशन रोजगार के अंतर्गत नवनियुक्त अभ्यर्थियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 19 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयुष विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित कुल 818 नवचयनित अभ्यर्थियों को मिशन रोजगार के अंतर्गत आज लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, महराजगंज में उपस्थित मुख्य अतिथि, अधिकारियों एवं नवनियुक्त अभ्यर्थियों द्वारा देखा गया।

इसी क्रम में जनपद महराजगंज के आयुष विभाग में होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के पद पर चयनित 09 अभ्यर्थियों तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर चयनित 09 अभ्यर्थियों को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मा0 विधायक पनियरा श्री ज्ञानेन्द्र सिंह जी द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के उपरांत नवनियुक्त अभ्यर्थियों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।

 

इस अवसर पर मा0 विधायक पनियरा श्री ज्ञानेन्द्र सिंह जी ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को उनकी सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश सरकार द्वारा 9.5 लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में रोजगार प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा पात्र अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मा0 विधायक ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं पूर्ण कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करें तथा अपने कार्यों के माध्यम से जनसेवा की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयन युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार द्विवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *