17 क्विंटल लहन और 770 लीटर अवैध कच्ची शराब नष्ट, 3 आरोपी गिरफ्तार; 50 लीटर शराब, 24 बन्टी-बबली और नाव बरामद
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने गुरुवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए जनपद में 64 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने करीब 17 क्विंटल लहन और शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।


अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग 770 लीटर अवैध कच्ची शराब को भी नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब, 24 अदद बन्टी-बबली (देशी शराब) और एक नाव बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम समेत सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।


