उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नेपाल के दांग जिले में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। हाल ही में चलाए गए एक बड़े सुरक्षा अभियान के तहत दांग के सामुदायिक और राष्ट्रीय वनों की झाड़ियों में छिपाई हुई 55 बंदूकें बरामद की गईं।
दांग जिला पुलिस कार्यालय और मातहत पुलिस चौकियों की टीमों ने 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच बंगलाचुली ग्रामीण नगरपालिका और लमही नगरपालिका के वन क्षेत्रों में यह सघन तलाशी अभियान चलाया था।

बरामद किए गए अधिकांश हथियार स्थानीय स्तर पर निर्मित भरूवा बंदूकें हैं। इससे पहले जून और जुलाई में भी इसी इलाके से पुलिस ने 11 भरूवा बंदूकें और 6 भरी हुई शॉटगन के साथ बारूद और कारतूस भी जब्त किए थे।
यह कार्रवाई नेपाल पुलिस द्वारा देशभर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े अभियान का हिस्सा है। पूरे लुम्बिनी प्रांत (जिसके अंतर्गत दांग आता है) में पुलिस ने हाल के महीनों में 313 से अधिक अवैध हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त किया है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल अवैध शिकार या आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना था। पुलिस इस मामले में शामिल संदिग्धों और उनके इरादों की जांच कर रही है।
बता दें कि नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश के जिलों में पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं। सुदूर पश्चिम के दांग, कंचनपुर और कैलाली जैसे सीमावर्ती जिलों में हाल के महीनों में भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
नेपाल पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार,इस पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए कार्रवाई की गई हैं।
हाल ही में जिला पुलिस कार्यालय कैलाली ने भजनी नगर पालिका और गौरीगंगा क्षेत्र से छापेमारी के दौरान पिस्तौल, कट्टा 12 बोर की राइफल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की हैं। इसके साथ ही अवैध शिकार में संलिप्त लोगों से भारी मात्रा में भरुआ
बंदूकें भी जब्त की गई हैं।
नेपाल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुदूर पश्चिम प्रदेश सहित पूरे देश से दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर चीनी पिस्तौल,रिवॉल्वर, घरेलू निर्मित कट्टे, और सैकड़ों राउंड एसएलआर के कारतूस बरामद किए गए हैं।
नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल ने सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास भी बिना लाइसेंस या अवैध हथियार छिपे होने की जानकारी हो तो तुरंत सूचित करें।
