महराजगंज में सपा का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

मनोज कुमार त्रिपाठी

महराजगंज। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को महराजगंज जिला मुख्यालय पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने की, जबकि इसका संयोजन सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने किया।

सपा कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च जिला परिषद मार्केट स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और आंबेडकर पार्क पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर नमन किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया गया।

मार्च आगे बढ़कर सक्सेना चौक पहुंचा, जहां सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। हालांकि सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में मौजूद पुलिस टीम ने पुतला दहन को रोकने में काफी मशक्कत भी की पर सफल नहीं हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी नोकझोंक भी हुई।

 

प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’, ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ और ‘समाजवादी पार्टी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए। पुलिस द्वारा पुतला फूंकने से रोकने पर छात्र सभा के जिलाध्यक्ष कुंवर यज्ञदत्त ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। स्थिति को देखते हुए पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की।

इसके बाद सपा कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए मऊपाकड़ पहुंचे, जहां प्रदर्शन का समापन हुआ।

यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दल देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष की ओर से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि निर्वाचन आयोग और भाजपा इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *