लखनऊ और गोरखपुर से पहुंची टीम ने खंगाले बैंक के रिकॉर्ड, बड़े खातों और भारी लेन-देन से जुड़े दस्तावेज
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। नगर सहकारी बैंक में गुरुवार को आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। लखनऊ और गोरखपुर से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने बैंक के विभिन्न रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि टीम की जांच का फोकस बड़े खातों, भारी वित्तीय लेन-देन और ऋण से जुड़े दस्तावेजों पर है। बैंक में कर संबंधी विवरण और विभिन्न प्रपत्रों में कथित अनियमितता की शिकायत के बाद आयकर विभाग की कार्रवाई की बात सामने आ रही है।

आयकर अधिकारियों की टीम बैंक के कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही आवश्यक दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है। जांच के दौरान बैंक के वित्तीय रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों का मिलान भी किया जा रहा है।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद बैंक परिसर में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल टीम की जांच जारी है और कार्रवाई के वास्तविक कारणों तथा जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
