महराजगंज में स्नातक शिक्षक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 81.41% वोटिंग

डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

दिलीप त्रिपाठी

महराजगंज, 23 अक्टूबर। जनपद महराजगंज में गोरखपुर–फैजाबाद स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ। जिले में कुल 81.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहीं।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने फरेंदा, लक्ष्मीपुर, बृजमंगंज और सदर ब्लॉक परिसर स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित पाई गई।

 

 

 

3,572 मतदाताओं में से 2,908 ने किया मतदान

जनपद में कुल 3,572 निर्वाचक पंजीकृत थे, जिनमें से 2,908 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने वालों में 2,319 पुरुष और 589 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस तरह जिले में कुल 81.41 प्रतिशत मतदान हुआ।

 

नियमों के पालन के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश देने और मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने और मतदान के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा हुईं मतपेटियां

मतदान समाप्त होने के बाद सभी केंद्रों से मतपेटियों को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में सहयोग देने वाले मतदान कर्मियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय और सहयोग से निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *