बोले-सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जनपद की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर महराजगंज प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में आज रविवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा जिला कारागार महराजगंज का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना, निर्धारित नियमों एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा कारागार की आंतरिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना रहा। अचानक अधिकारियों के पहुंचने से कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सबसे पहले कारागार की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखा। मुख्य द्वार, सीसीटीवी कैमरों, बैरकों की निगरानी और तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी की जांच की गई। इसके बाद अधिकारियों ने कारागार परिसर और बैरकों का गहन निरीक्षण किया। बंदियों के पास कोई आपत्तिजनक वस्तु तो नहीं है, इसकी भी सघन तलाशी ली गई। राहत की बात रही कि जांच के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति निरंतर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बैरकों की सघन चेकिंग की जाए, कारागार परिसर में अनुशासन एवं निगरानी हर हाल में सुनिश्चित रखी जाए। साथ ही, बंदियों को नियमानुसार आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे भोजन, पानी, स्वास्थ्य और साफ-सफाई उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कारागार की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





