महराजगंज पुलिस की की कार्रवाई 

2 अपराधी जिला बदर 

5 को हर 15 दिन में थाने में हाजिरी लगाने का आदेश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जिले में अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत अक्टूबर महीने में 10 मामलों का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर 2 लोगों को जिला बदर किया गया है, जबकि 5 लोगों को हर 15 दिन में संबंधित थाने में हाजिरी लगाने का आदेश दिया गया है।

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा टोला इलाही निवासी सुक्खू को 3 महीने के लिए जिला बदर किया गया है वहीं निचलौल थाना क्षेत्र के पिपराकाजी निवासी मोनू अली उर्फ कयूम अली को 6 महीने के लिए जिले से बाहर रहने का आदेश दिया गया है। जिला बदर की कार्रवाई के तहत संबंधित व्यक्ति को तय अवधि तक जिले की सीमा से बाहर रहना होता है।

पुलिस के मुताबिक, कोल्हुई, सोनौली, कोठीभार और कोतवाली थाना क्षेत्रों के 5 लोगों को हर 15 दिन में संबंधित थाने में उपस्थित होना होगा। उन्हें अपनी गतिविधियों और आचरण की जानकारी भी देनी होगी। 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर रोक लगाने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *