प्रतिबंधित संगठन शहजाद भट्टी से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकी लखनऊ से गिरफ्तार
एक बाल अपचारी पुलिस हिरासत में, रिमांड पर लेकर एटीएस टीम करेगी गहन पूछताछ
नेपाल भागने की फिराक में थे तीनों आरोपित, इनके पास से एक पिस्टल, बीस विदेशी कारतूस बरामद
मनोज कुमार त्रिपाठी
लखनऊ! यूपी एटीएस ने राजधानी लखनऊ में एक पुलिस अधिकारी और सेना के अफसर को निशाना बनाने की फिराक में घूम रहे प्रतिबंधित संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकी गगनदीप सिंह, रजत कुमार व कृष को शुक्रवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया है, जबकि एटीएस टीम ने इस गिरोह से एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक पकड़े गए सभी आरोपित खूंखार किस्म के देश विरोधी हैं और यह लोग पाकिस्तान में बैठे पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के इशारे पर एक पुलिस अधिकारी या फिर किसी सेना के अफसर को निशाना बनाने की फिराक में थे। एटीएस टीम को इनके पास से एक विदेशी पिस्टल व बीस विदेशी कारतूस बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक पकड़े गए तीनों संदिग्ध आतंकियों ने पूछताछ में अपना नाम पंजाब निवासी गगनदीप सिंह, रजत कुमार व कृष बताया। उन्होंने बताया कि इस गिरोह में एक बाल अपचारी भी शामिल है, जिसे पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश का कहना है कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के निर्देश पर यूपी की राजधानी लखनऊ में किसी पुलिस अधिकारी या फिर किसी सेना के अफसर को निशाना बनाने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में यह भी बताया कि यह लोग यहां से नेपाल भागने की फिराक में थे।
उन्होंने बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो इंस्टाग्राम और सोशल नेटवर्किंग के लिए पाकिस्तान में बैठे पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के इशारे पर संगीन घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन एटीएस टीम इन्हें दबोच कर इनके नापाक इरादों को कुचलने में कामयाबी हासिल की है।
लखनऊ से गिरफ्तार तीनों संदिग्ध आतंकियों को यूपी एटीएस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि इनकी जडें कहां-कहां तक है इसके लिए तीनों संदिग्ध आतंकियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के बाद गहनता से पूछताछ की जाएगी।
लखनऊ में कुख्यात आतंकी गगनदीप सिंह, रजत कुमार व कृष की गिरफ्तारी से एक बार फिर लखनऊ सुर्खियों में आ गया है। माना जा रहा है कि इनका कोई मददगार इस क्षेत्र में है, जिसके मार्फत ही पंजाब से आकर लखनऊ में ठहरे थे।
अब हरकत में आई जांच एजेंसियां व पुलिस इनकी कुंडली खंगालने में जुट गई है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि पकड़े गए गगनदीप सिंह के खिलाफ इससे पहले पंजाब में मुकदमा दर्ज है।






