होम डिलीवरी बंद और दुर्व्यवहार से नाराज जनता सड़कों पर, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
उमेश चन्द्र त्रिपाठी / मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज, 30 मार्च 2026।
नौतनवा कस्बे में गैस एजेंसी की मनमानी के खिलाफ जनआक्रोश खुलकर सामने आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यकारिणी सदस्य जितेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में स्थानीय उपभोक्ताओं ने अस्पताल तिराहे पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।
पूरी खबर यहां देखें 👇 👇 👇 👇
https://www.facebook.com/share/v/1Dkm3hJmRh/

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इंडेन गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को समय पर गैस रिफिल की होम डिलीवरी नहीं दी जा रही है। इसके साथ ही बैकलॉग बुकिंग होने के बावजूद सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। एजेंसी कार्यालय में कॉल सेंटर की सुविधा नहीं होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी पर उपभोक्ताओं से लंबी लाइन लगवाकर दुर्व्यवहार किया जाता है और अवैध वसूली की जा रही है। कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद न तो एजेंसी प्रबंधन ने सुधार किया और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की गई।
जितेन्द्र जायसवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कई बार आंदोलन और ज्ञापन दिए गए, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज होकर अब जनता को अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित नहीं की गई, कॉल सेंटर स्थापित नहीं हुआ और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार बंद नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल नौतनवा में स्थिति को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।