रसोई गैस को लेकर जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल 

दिए आधा दर्जन सुझाव 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज!आज कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से मिला और जनपद में रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल की निर्वाध गति से आमजन को उपलब्ध कराने के विषय में सुझाव प्रस्तुत किया।

जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने जिलाधिकारी से कहा कि आप द्वारा समय-समय पर पर्वेक्षण करके आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है किन्तु अभी भी आमजन को पूरी राहत नही मिल पा रही है। सुझाव निम्नवत है-

1. गैस एजेन्सियों द्वारा आपूर्ति न होने की दशा में कामर्शियल सिलिंडरों का वितरण नही किया जा रहा है जिसके कारण छोटे-छोटे ढाबे, चाय की दुकानें, चाट-पकौड़ी की दुकानें तथा फास्ट फूड की दुकानें बन्द हो रही है जिसके लिये वैकल्पिक व्यवस्था में जब तक कामर्शियल गैस की आपूर्ति नही हो रही है तब तक के लिये घरेलू गैस का वितरण करके उनकी दुकानों के सामान्य संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।

2. गैस गोदामों से वितरण के लिये चलने वाले वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करायी जाय क्योंकि संज्ञान में आया है कि तमाम ऐसे उपभोक्ता भी उन वाहन पर वितरण करने वाले गैस कर्मियों से विवाद कर ले रहे है जिनकी बुकिंग भी नहीं हुई है।

3. जनपद में घरेलू गैस की शत्-प्रतिशत होम डिलेवरी सुनिश्चित करायी जाये जिनकी बुकिंग समय पर गैस एजेन्सियों को प्राप्त हो गयी हो।

4. गैस गोदामों के बाहर दलाल किस्म के व्यक्ति घूम रहे है जो भोले भाले उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर 2000-2500 रूपये लेकर घरेलू गैस अपने वाहन द्वारा अनाधिकृत उपभोक्ताओं को भी प्रदान कर दे रहे है।

5. शादी-विवाह तथा अन्य शुभ अवसरों पर उपभोक्ता को अतिरिक्त गैस आवंटन की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय।

6. इण्डियन ऑयल कम्पनी, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम तथा नायरा पेट्रोलियम कम्पनियों द्वारा आपूर्ति का बहाना बनाकर प्रीमियम पेट्रोल भेजा जा रहा है जिसका मूल्य सामान्य पेट्रोल से लगभग ₹ 3.00 लीटर ज्यादा है। उसे उपभोक्ताओं को लेने पर मजबूर किया जा रहा है। कम्पनियों को निर्देशित करायें कि सामान्य पेट्रोल की आपूर्ति व्यापक मात्रा में सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी से मिलने वालों में मुख्य रूप से कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद,पूर्व जिला अध्यक्ष झिनकू चौधरी,जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह एवं राजन शुक्ला,श्रमिक जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह आदि प्रमुख थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *