नौतनवा में गैस संकट पर जनविस्फोट, जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में खाली सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरी जनता, पूर्ति अधिकारी का पुतला दहन

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत अब विकराल संकट में बदल चुकी है। शुक्रवार को इस समस्या को लेकर जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों गैस उपभोक्ताओं ने शहीद भगत सिंह चौराहे पर खाली गैस सिलेंडर हाथों में लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला पूर्ति अधिकारी महाराजगंज का पुतला फूंककर प्रशासन को खुली चुनौती दे दी।

 

पूरी खबर यहां देखें 👇 👇 👇 👇 

https://www.facebook.com/share/v/1TLGJ2Xjs5/

 

YouTube player

 

प्रदर्शन के दौरान चौराहा पूरी तरह जनसैलाब में तब्दील हो गया। महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा हाथों में सिलेंडर लेकर नारेबाजी करते नजर आए। जनता ने पूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया और कहा कि “गैस नहीं तो आंदोलन तय है।”

इस मौके पर नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के चर्चित किसान नेता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला एडवोकेट ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नौतनवां क्षेत्र के गांवों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह ठप है। उन्होंने बताया कि जंगल के किनारे बसे गांवों से लेकर दूर-दराज इलाकों तक के लोग सुबह-सवेरे नौतनवां पहुंचकर लाइन लगाते हैं, लेकिन शाम होते-होते खाली हाथ लौटने को मजबूर हो जाते हैं।

उन्होंने कहा,

“महिलाएं और बच्चे घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ता। यह सीधे तौर पर गरीबों के हक पर डाका है।”

भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने जिला प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि नौतनवां क्षेत्र में हजारों गैस कनेक्शन हैं, लेकिन पूर्ति विभाग जनता को गैस उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। 

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए, वरना जनता को मजबूर होकर बड़ा आंदोलन छेड़ना पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि गैस न मिलने से घरों में चूल्हा नहीं जल पा रहा, महिलाएं लकड़ी और उपलों की तरफ लौटने को मजबूर हैं, जिससे परेशानी बढ़ गई है।

सभा में चेतावनी देते हुए किसान नेता नागेंद्र शुक्ला एडवोकेट ने साफ कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम कर नौतनवां को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।इस उग्र प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय नागरिक और गैस उपभोक्ता मौजूद रहे। 

जनता का साफ संदेश था—

अब सिर्फ आश्वासन नहीं, तत्काल गैस चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *