“शादी-विवाह का समय है, गैस तुरंत बंटवाइए” — युवक की शिकायत पर विधायक ने SDM से की सीधी बात
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जिले के नौतनवां क्षेत्र के अड्डा बाजार स्थित राधा रानी गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर वितरण में देरी को लेकर लोगों की नाराजगी सामने आई। जानकारी के अनुसार एजेंसी पर दो ट्रक गैस सिलेंडर खड़े होने के बावजूद सुबह से उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही और वितरण शुरू नहीं किया गया।

इसी बीच स्थानीय युवक अनुराग जायसवाल ने नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी को फोन कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। युवक ने बताया कि इलाके में कई घरों में शादी-विवाह के कार्यक्रम हैं, ऐसे में गैस की तुरंत जरूरत है। इस पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए SDM नवीन प्रसाद से फोन पर बात की और गैस वितरण जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
SDM ने बातचीत में बताया कि मौके पर फोर्स भेज दी गई है और व्यवस्था बनते ही सिलेंडर का वितरण शुरू करा दिया जाएगा। विधायक ने भी अधिकारियों से कहा कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जल्द से जल्द गैस बंटवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह कॉल रिकॉर्डिंग अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।