उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज/ठूठीबारी। महराजगंज जनपद के सीमावर्ती कस्बा ठूठीबारी में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ठूठीबारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश कुमार रौनियार ने कथित पुलिस उत्पीड़न और पड़ोसियों से लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना से पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी आपबीती बताते हुए गंभीर आरोप लगाए।
वायरल वीडियो में दिनेश कुमार रौनियार ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी सुनील रौनियार और गुड़ीया रौनियार उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके मकान और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। उनका यह भी आरोप है कि पहले उन्हें एक कथित झूठे मुकदमे में फंसाया गया और बाद में समझौते के नाम पर उनसे जबरन धनराशि ली गई।
वीडियो में उन्होंने ठूठीबारी एसओ अमित सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए। गौरतलब यह है कि ठूठीबारी एसओ अमित सिंह का नाम कई और मुद्दों में भी उछला है , दिनेश कुमार का कहना है कि संबंधित एसओ का गैर जनपद तबादला होने के बावजूद वह क्षेत्र में सक्रिय है और प्रभाव का हवाला देकर कार्रवाई न होने की बात कहता है, और कहता है कि मेरे पुलिस अधीक्षक से अच्छे संबंध है इसलिए तुम मेरा कुछ नहीं बिगड़ सकते । वीडियो में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा, जिसके चलते वे बेहद मानसिक तनाव में हैं।
वीडियो वायरल होने के कुछ ही समय बाद दिनेश कुमार रौनियार द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष एवं चिंता का माहौल है। क्षेत्र के व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।