उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! आगामी निर्वाचन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य चल रहा है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने एफएलसी कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डिप्टी कलेक्टर विजय यादव ने जिलाधिकारी को बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार एफएलसी का कार्य कराया जा रहा है। अब तक 80.31 प्रतिशत व्यू और सीयू की एफएलसी ओके हो चुकी है। वहीं एक अन्य एफएलसी श्रेणी में 76.13 प्रतिशत कार्य ओके होने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एफएलसी के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति यथासंभव सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी हॉल में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति न हो। बिना पहचान पत्र के किसी को भी हॉल में प्रवेश न दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी के माध्यम से एफएलसी कार्य की निगरानी व्यवस्था देखी और रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की जानकारी ली।
उन्होंने गार्ड रूम का भी निरीक्षण किया तथा तैनात सुरक्षाकर्मियों को प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।





