ई-रिक्शा खरीद में बड़ा घोटाला उजागर, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित

1.35 लाख रुपये भुगतान के बावजूद नहीं खरीदा गया ई-रिक्शा, जांच में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि

महराजगंज। नौतनवा विकास खंड की ग्राम पंचायत सुकरौली उर्फ अरघा में ई-रिक्शा खरीद के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2024-25 में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) योजना के तहत ई-रिक्शा खरीदने के लिए 1 लाख 35 हजार रुपये का भुगतान किए जाने के बावजूद वाहन की खरीद नहीं की गई।

जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा द्वारा 5 जून 2026 को किए गए निरीक्षण में यह गंभीर वित्तीय अनियमितता उजागर हुई। जांच में पाया गया कि 4 सितंबर 2024 को पीएफएमएस के माध्यम से ई-रिक्शा खरीद के लिए 1.35 लाख रुपये का भुगतान किया गया था, लेकिन मौके पर कोई ई-रिक्शा नहीं मिला और न ही उसके क्रय से संबंधित कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत किया जा सका।

मामले को वित्तीय अनियमितता मानते हुए तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी अवधेश कुमार यादव को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि में अवधेश कुमार यादव को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), लक्ष्मीपुर कार्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं पूरे प्रकरण की जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), लक्ष्मीपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें आरोप पत्र तैयार कर अनुमोदन हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि जांच में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *