एक तस्कर गिरफ्तार, 81 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा, एक मोबाइल फोन, एक एंबुलेंस वाहन व 1,100 रूपए की नकदी बरामद
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ निर्देशन व सीओ एएनटीएफ की अगुवाई में पिछले कुछ दिनों से आतंक का पर्याय बने मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर सोनभद्र जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र से एंबुलेंस वाहन में अवैध मादक पदार्थ (गांजा) लादकर ले जा रहे एक तस्कर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एएनटीएफ टीम को तस्कर के पास से 81 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा, एक एंबुलेंस, मोबाइल फोन व 1,100 रूपए की नकदी बरामद हुई है।
एएनटीएफ यूनिट लखनऊ के उपनिरीक्षक सूरज सिंह के मुताबिक सोमवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली सोनभद्र जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र के बहदग्राम हथवानी के रास्ते होते हुए एक तस्कर एंबुलेंस वाहन में अवैध मादक पदार्थ लादकर कहीं सप्लाई करने जा रहा है।
इस सूचना पर एएनटीएफ के उपनिरीक्षक सूरज सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस की मदद से घेरेबंदी कर मौके से वाहन सहित एक तस्कर को धरदबोचा।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में अपना नाम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी समीर सरकार पुत्र त्रिशंकु सरकार बताया।
उपनिरीक्षक के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध गांजा बंगाल निवासी उससे लेकर एंबुलेंस वाहन में लादकर उड़ीसा से लेकर यूपी के सुल्तानपुर ले जा रहा था। उन्होंने बताया कि वहीं से आरोपी अलग-अलग जिलों में लोगों के हाथों सप्लाई करने की बात स्वीकार किया है।

