कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली-हरियाणा पुलिस अलर्ट, अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक में बनी संयुक्त रणनीति

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नई दिल्ली! आगामी कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस- 2026 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आउटर नॉर्थ जिला, दिल्ली पुलिस और सोनीपत पुलिस (हरियाणा) के बीच सोमवार को अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी शोभित डी. सक्सेना (आईपीएस) ने की।

बैठक में दिल्ली पुलिस और सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें दिल्ली-हरियाणा सीमा पर सक्रिय अपराधियों और संगठित गिरोहों की जानकारी साझा करना, आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े इनपुट का आदान-प्रदान, सीमावर्ती थानों के बीच बेहतर संपर्क व्यवस्था, संयुक्त ट्रैफिक नाके लगाकर संदिग्ध और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई, सीमा क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करना और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखना शामिल है।

इसके अलावा कांवड़ शिविरों का संयुक्त सत्यापन, कांवड़ मार्ग पर स्थित मांस और शराब की दुकानों का निरीक्षण, भड़काऊ पोस्टर या सामग्री को तत्काल हटाने, साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, ट्रैफिक प्रबंधन और किसी भी कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौती से संयुक्त रूप से निपटने पर भी सहमति बनी।

बैठक के अंत में दिल्ली पुलिस और सोनीपत पुलिस ने यह संकल्प दोहराया कि दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय, समय पर खुफिया जानकारी साझा करने और संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से कांवड़ यात्रा एवं स्वतंत्रता दिवस के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *