कैंची धाम स्थापना दिवस पर नौतनवा के अस्पताल चौराहे पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज। हनुमान जी के अनन्य भक्त एवं कैंची धाम के संस्थापक पूज्य नीम करौली बाबा के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को नौतनवा के अस्पताल चौराहे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे क्षेत्र में भक्ति और सेवा का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौली के बताए प्रेम, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नौतनवा के सौजन्य से किया गया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में व्यापारियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *