खनुआ में भूमि पैमाइश को लेकर बड़ा विवाद, कानूनगो पर मिलीभगत कर 8 डिसमिल जमीन कब्जा कराने का आरोप

उमेश चन्द्र त्रिपाठी/ मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/नौतनवा। तहसील नौतनवा के ग्राम खनुआ निवासी मधुसूदन पाण्डेय ने राजस्व विभाग के एक कानूनगो पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल (जनसुनवाई) पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना नोटिस और सूचना दिए विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर एकतरफा तरीके से भूमि की पैमाइश कराई गई तथा उनकी लगभग 8 डिसमिल भूमि पर जबरन मेड़ बंधवाकर पिलर गड़वा दिया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 6 जून 2026 को उनकी अनुपस्थिति में पैमाइश कर विपक्षी पक्ष को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही पैमाइश के दौरान बुलाया गया। मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर संदर्भ संख्या 40018726012712 के तहत शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

एसडीएम ने कहा, जांच जारी है

इस संबंध में जब उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा नवीन कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है तथा प्रथम दृष्टया कुछ “मिसअंडरस्टैंडिंग” (गलतफहमी) होने की बात सामने आई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासनिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *