निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने लगाए वोट चोरी के आरोप
मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर! गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को 307 मतों से हराकर लगातार चौथी बार जीत हासिल की। जीत की घोषणा के बाद ध्रुव त्रिपाठी मतगणना स्थल से बाहर निकले और विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी जीत का जश्न मनाया।
अंतिम परिणाम के अनुसार, ध्रुव त्रिपाठी को 14,887 वोट मिले, जबकि राजीव यादव को 14,580 मत प्राप्त हुए। दोनों प्रत्याशियों के बीच अंत तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला। ध्रुव त्रिपाठी इससे पहले लगातार तीन चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत चुके हैं। इस बार भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

मतगणना के नतीजे सामने आने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर हराया गया और करीब 1,000 वोटों की चोरी हुई है। राजीव यादव ने कहा कि वह इस मामले को लेकर निर्वाचन आयोग और अदालत का रुख करेंगे। उन्होंने चौथे राउंड में गिने गए 1,612 मतों की फोरेंसिक जांच कराने की मांग भी की है।
चुनाव की मतगणना गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में हुई। बैलेट पेपर और वरीयता के आधार पर मतों की गणना के चलते प्रक्रिया लंबी चली। पहली वरीयता के मतों की गिनती में ध्रुव त्रिपाठी 466 वोटों से आगे थे, लेकिन अंतिम परिणाम में उनकी जीत का अंतर घटकर 307 वोट रह गया।
चुनाव परिणाम के बाद मतगणना की पारदर्शिता को लेकर विवाद भी सामने आया है। राजीव यादव ने परिणाम को चुनौती देने की बात कही है। हालांकि, वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब सबकी नजर निर्वाचन आयोग में होने वाली शिकायत और आगे की कार्रवाई पर रहेगी।





