घर में घुसकर बहू से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप, कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा गांव की निवासी सावित्री देवी ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को शिकायती पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर बहू से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्होंने एसपी से न्याय की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात लगभग 10 बजे गांव निवासी राजन पुत्र रामदास कथित रूप से उनके घर में घुस आया और उनकी बहू रजनी पत्नी ईश्वर के साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि इसी दौरान राजन की मां तितिरिया पत्नी रामदास तथा उसकी बहन अंजू पुत्री रामदास भी मौके पर पहुंच गईं और परिवार के साथ मारपीट करने लगीं। सावित्री देवी का आरोप है कि इस हमले में उन्हें कई जगह चोटें आईं तथा चेहरे और नाक पर टांके लगाने पड़े।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अक्सर उनके परिवार से झगड़ा करते रहते हैं और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी देते हैं। उनका कहना है कि जब भी उनकी बहू अकेली मिलती है, उसके साथ अभद्रता करने का प्रयास किया जाता है और विरोध करने पर विवाद खड़ा कर दिया जाता है।

सावित्री देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले नौतनवा थाने में भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में सीओ नौतनवा बसंत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *