चॉकलेट का लालच देकर 3 साल की मासूम को सुनसान मकान में ले गए, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप; नेपाल में फूटा लोगों का गुस्सा

मनोज कुमार त्रिपाठी 

बारा, नेपाल। नेपाल के बारा जिले में तीन वर्षीय मासूम गरिमा चौधरी की हत्या की घटना से सनसनी फैल गई है। मासूम के साथ कथित यौन हिंसा के बाद उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आने पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क पर उतरकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, जितपुरसिमरा उपमहानगरपालिका-1 के दशधुरी क्षेत्र निवासी गरिमा चौधरी 16 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे घर से लापता हुई थी। परिवार ने बच्ची की तलाश शुरू की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी।

जांच के दौरान पुलिस को बच्ची के एक सुनसान मकान में होने की जानकारी मिली। 18 अगस्त की शाम उसका शव बरामद किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्ची को कथित तौर पर चॉकलेट का लालच देकर सुनसान मकान में ले जाने और उसके साथ यौन हिंसा के बाद हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है।

मामले में पुलिस ने एक 16 वर्षीय किशोर और 24 वर्षीय प्रोग्रेस चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच में प्रशिक्षित पुलिस टीम और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।

मासूम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश भड़क उठा। स्थानीय लोगों ने वीरगंज-पथलैया सड़क मार्ग पर प्रदर्शन और सड़क जाम कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने नेपाल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *