छोटी गंडक के बैकुंठी घाट पर NCC कैडेटों का स्वच्छता अभियान, नदी बचाने का दिया संदेश

विश्व नदी दिवस पर कैडेटों ने उठाया सफाई का बीड़ा, जागरूकता रैली निकालकर प्लास्टिक-पॉलिथीन न फेंकने की अपील

मनोज कुमार त्रिपाठी 

घुघली। विश्व नदी दिवस के अवसर पर गुरुवार को यूपी-50 बटालियन एनसीसी से संबद्ध डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघली के एनसीसी कैडेटों ने छोटी गंडक नदी के बैकुंठी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। सुबह सात बजे घाट पर पहुंचे कैडेटों ने घाट परिसर में फैली गंदगी, प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल और अन्य कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की।

अभियान का नेतृत्व विद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट जोगेंद्र प्रसाद ने किया। उन्होंने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन और पर्यावरण की आधारशिला हैं। नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कैडेटों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए लोगों को नदी व घाट के आसपास कूड़ा न फेंकने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

सफाई अभियान के बाद कैडेटों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों से नदी में प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य कचरा न डालने की अपील की। कैडेटों ने कहा कि कचरे से जलस्रोत प्रदूषित होने के साथ पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

विद्यालय लौटने पर लेफ्टिनेंट जोगेंद्र प्रसाद ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि कूड़े का उचित प्रबंधन, जलस्रोतों की स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण स्वस्थ एवं टिकाऊ भविष्य की नींव है। उन्होंने कैडेटों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस दौरान एनसीसी कैडेटों ने नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *