महिला के हाथ में लाइसेंसी दोनाली बंदूक देख पुलिसकर्मी सकते में, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में जमीन के बंटवारे और पारिवारिक विवाद ने सोमवार को उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक महिला हाथ में लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर परतावल पुलिस चौकी पहुंच गई। रोते-बिलखते महिला को हाथ में असलहा लिए चौकी परिसर में पहुंचते देख पुलिसकर्मियों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे महिला पारिवारिक विवाद से आहत होकर अपनी शिकायत लेकर परतावल चौकी पहुंची थी। महिला ने अपने साथ मारपीट किए जाने और परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद होने की बात पुलिस के सामने रखी। इसी दौरान उसके हाथ में लाइसेंसी बंदूक देखकर पुलिसकर्मी सतर्क हो गए।

मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने बेहद संयम और सूझबूझ का परिचय दिया। किसी तरह की जल्दबाजी किए बिना महिला को शांत कराने और बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। शुरुआत में महिला ने बंदूक देने से इनकार किया, लेकिन काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को चौकी पर बैठाकर उसकी पूरी बात सुनी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी चौकी बुलाया। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी जुटाते हुए विवाद की वजह और घटनाक्रम की जांच शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों के बीच जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर सोमवार को स्थिति बिगड़ गई और महिला कथित तौर पर मारपीट से आहत होकर अपनी बात पुलिस तक पहुंचाने के लिए बंदूक लेकर चौकी पहुंच गई।
घटना का एक्सक्लूसिव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला को हाथ में असलहा लेकर पुलिस चौकी पहुंचते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मामला पारिवारिक और जमीन विवाद से जुड़ा है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की सूझबूझ से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पारिवारिक विवाद किस वजह से इतना बढ़ा और किन परिस्थितियों में महिला लाइसेंसी बंदूक लेकर पुलिस चौकी तक पहुंची।


