राहुल सिंह
फरेंदा, महाराजगंज…
जर्जर मकान का वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपनी पीड़ा बयां करना डंडवार खुर्द निवासी रंजीत कुमार को भारी पड़ गया। रंजीत का आरोप है कि आवास न मिलने की शिकायत सोशल मीडिया पर उठाने से नाराज ग्राम पंचायत के सचिव व प्रधान प्रतिनिधि ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने फरेंदा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

रंजीत कुमार के मुताबिक करीब एक सप्ताह पूर्व उसने अपने जर्जर मकान का वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड किया था। वीडियो में उसने कहा था कि पात्र होने के बावजूद आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। मकान की हालत जर्जर होने के कारण परिवार के साथ रहने में परेशानी हो रही है।
आरोप है कि फेसबुक पर वीडियो अपलोड होने की जानकारी ग्राम पंचायत के सचिव को हुई तो वह नाराज हो गए। इसके बाद सचिव व प्रधान प्रतिनिधि ने रंजीत को धमकाते हुए जान से मारने की बात कही। इससे भयभीत रंजीत ने फरेंदा थाने पहुंचकर तहरीर दी और मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई।

पीड़ित ने कहा कि जर्जर मकान और आवास की समस्या जिम्मेदारों तक पहुंचाने के लिए वीडियो पोस्ट किया था। धमकी मिलने के बाद से परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
रंजीत कुमार को धमकाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। ग्राम प्रधान से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया गया। ग्राम पंचायत सेक्रेटरी प्रदीप दुबे से पूछे जाने पर बताया कि सारे आरोप निराधार हैं। आवास लेने के लिए वह दबाव बन रहा है। वहीं थाना अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप से पूछे जाने पर बताया कि जांच की जा रही है।