दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में जिम के अंदर पानी पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा का विषय बन गया है। मामूली कहासुनी के बाद मारपीट और कपड़े फाड़ने के आरोपों के बीच वायरल वीडियो में लिखे “तुम पुलिस कंप्लेंट करो, मैं देखता रहूंगा” जैसे शब्दों ने मामले को और गरमा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, जंगल गुलरिहा निवासी सचिन चौहान 31 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ कोल्हुई थाना क्षेत्र की मुड़ली चौकी स्थित एक जिम में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जिम में पानी पीने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों ने सचिन चौहान के साथ मारपीट की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
घटना के बाद सचिन चौहान ने कोल्हुई थाने में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से मामले में शांतिभंग की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।

लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। घटना से जुड़ा बताया जा रहा एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में “तुम पुलिस कंप्लेंट करो, मैं देखता रहूंगा” जैसे शब्द लिखे नजर आ रहे हैं। इन शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग इसे पुलिस शिकायत के बाद की स्थिति से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया और उसमें लिखे शब्दों का वास्तविक संदर्भ क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वहीं, मामले को लेकर कोल्हुई एसओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के दायरे में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि जिम में पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर किस हद तक पहुंचा और वायरल वीडियो में लिखे शब्दों का वास्तविक सच क्या है? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


