जिलाधिकारी ने आज वीवीपैट के सुरक्षित भण्डारण एवं सुरक्षा के दृष्टिगत 

कलेक्ट्रेट परिसर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ किया त्रैमासिक निरीक्षण 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 15 जून 2026, जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा आज ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित भण्डारण एवं सुरक्षा के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित वीवीपैट के स्ट्रांग रूम के वेयरहाउस / गोदाम का आज राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी महोदय ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विद्युत सुरक्षा, साफ–सफाई आदि का अवलोकन किया। जिलाधिकारी महोदय ने सबसे पहले कक्ष संख्या 02 में बीयू मशीनों के भंडारण को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ देखा। उसके उपरांत अन्य व्यवस्थाओं को देखा और ईवीएम मशीनों के सुरक्षित भंडारण की जानकारी ली।

जिलाधिकारी महोदय ने ईवीएम/वीवीपैट का रखरखाव भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्ट्रांग रूम में नियमानुसार ही प्रवेश को अनुमन्य करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सीसीटीवी की क्रियाशीलता को 24×7 सुनिश्चित रखें। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा, गार्ड की तैनाती, विद्युत इंतजाम, रोस्टरवार कार्मिकों की ड्यूटी आदि को निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।      

जिलाधिकारी महोदय ने ईवीएम / वीवीपैट के सुरक्षित भण्डारण एवं सुरक्षा के सम्बन्ध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी अवगत कराते हुए कहा कि ईवीएम और वीवीपैट का रख–रखाव भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से किया जा रहा है। इस सन्दर्भ में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी समय–समय पर अवगत कराया जाता है। अगर राजनीतिक दलों को कोई भी सन्देह होता है तो तत्काल अवगत कराएं, उनके सभी संदेहों को दूर किया जाएगा।    

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रमोद कुमार, भाजपा से श्री आकाश श्रीवास्तव, आप पार्टी से श्री पशुपति नाथ गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *