तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार, 15 करोड़ की कोकीन बरामद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

फरीदाबाद ! क्राइम ब्रांच एनआईटी और एनसीबी दिल्ली की संयुक्त टीम ने सूरजकुंड थाना क्षेत्र के लक्कड़पुर स्थित एक मकान में छापा मारकर वहां से करीब 15 करोड़ रुपये कीमत के कोकीन और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान नाइजीरिया के दो और कैमरून के रहने वाले एक कुल तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.337 किलोग्राम कोकीन, 26 ग्राम एम्फेटामाइन, 1.378 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी को सूचना मिली थी कि लक्कड़पुर क्षेत्र में विदेशी नागरिकों के पास मादक पदार्थों 

की खेप मौजूद है। सूचना के आधार पर 15 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी निरीक्षक अनिल छिल्लर के साथ एनसीबी दिल्ली की टीम ने शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कोकीन सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद किया। पुलिस ने मौके से नाइजीरिया निवासी इफेयानी इमैनुएल, बेल जॉन उर्फ एनुडुन इमैनुएल और कैमरून निवासी रेमी उर्फ अमोस ओवी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मकान में किराये पर रह रहे थे।

उनके पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी वर्ष 2018 में भारत आए थे और करीब तीन साल से फरीदाबाद में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। इनका पासपोर्ट और वीजा भी फर्जी होने की आशंका है, इसलिए इनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सूरजकुंड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस इनसे सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को पता चला कि उस मकान में अफ्रीकी देशों के दस और नागरिक भी किराए पर रहते हैं। पुलिस ने उनके दस्तावेजों की भी जांच की, मगर उन्होंने पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस पर पुलिस ने उनके दस्तावेजों की पुष्टि के लिए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) दिल्ली से संपर्क किया गया है। दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर उनको भी डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *