दिल्ली से लेकर पंजाब तक सियासी हलचल तेज, आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी

आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका 

राघव चड्डा समेत सात राज्यसभा सांसदों ने छोड़ी पार्टी, तीन ने थामा भाजपा का दामन

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नई दिल्ली! आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों ने एक साथ पार्टी से किनारा कर लिया है। सबसे बड़ी बात यह है कि इनमें से तीन सांसदों ने इस्तीफा देने के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। इस घटनाक्रम के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। 

सूत्रों के अनुसार जिन सांसदों ने पार्टी छोड़ी है उनमें राघव चड्डा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल समेत कुल सात सांसद शामिल हैं। तीन सांसदों के भाजपा में शामिल होने से मामला और भी गरमा गया है। DMK नेता टीकेएस एलंगोवन ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों और विधायकों को तोड़ने में माहिर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सबसे बड़ा ‘खरीदार’ है, लोकतंत्र में उसका विश्वास नहीं है और सत्ता हासिल करने के लिए वह किसी भी हद तक जा सकती है।

भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपने खर्च और सरकारी आवास को लेकर जवाब दें। वहीं भाजपा नेता तरुण चुघ ने भी AAP पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने अपने मूल सिद्धांतों और ईमानदारी की छवि को खो दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भी सरकार के नाम पर “माफिया राज” चल रहा है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने इस पूरे घटनाक्रम को दुखद बताया, लेकिन साथ ही AAP की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिन नेताओं को राज्यसभा भेजा, वहां मूल कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी ने अपने जमीनी कार्यकर्ताओं पर ध्यान दिया होता तो आज यह स्थिति नहीं आती। 

आम आदमी पार्टी (AAP) के सात सांसदों के एक साथ पार्टी छोड़ने और भाजपा में शामिल होने के बाद दिल्ली की राजनीति से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सियासी तापमान बढ़ गया है। आने वाले दिनों में इस घटनाक्रम के और बड़े राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *