दो महीने की चेतावनी के बाद चला बुलडोजर अभियान, कटरा चौराहे से पूरे निचलौल क्षेत्र तक अतिक्रमण पर कार्रवाई
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में सड़क किनारे सरकारी पटरी पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बुधवार को बड़ा अभियान शुरू कर दिया। सड़क की पटरी पर दुकानें लगाकर रास्ता घेरने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
वन विभाग के रेंजर अजीत कुमार के मुताबिक, अतिक्रमणकारियों को करीब दो महीने से लगातार सड़क की पटरी खाली करने की चेतावनी दी जा रही थी। इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। चेतावनी के बाद अब विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेंजर ने बताया कि कटरा चौराहे से लेकर पूरे निचलौल क्षेत्र में सड़क किनारे जहां-जहां अतिक्रमण किया गया है, वहां अभियान चलाया जा रहा है। टीम द्वारा सड़क की पटरी पर लगी दुकानों और अन्य अतिक्रमण को हटाया जा रहा है, ताकि सड़क किनारे आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।
वन विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से सड़क किनारे दुकान लगाकर कारोबार करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं, अतिक्रमण हटने से राहगीरों को भी राहत मिलने की उम्मीद है और सड़क पर जाम तथा आवागमन में होने वाली परेशानियां कम हो सकती हैं।
हालांकि, अभियान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सड़क की पटरी दोबारा अतिक्रमण से मुक्त रह पाएगी? अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग अतिक्रमण हटाने के बाद निगरानी और कार्रवाई को लेकर कितनी सख्ती बरतता है।


