रुपन्देही-3 में कांग्रेस का चुनावी परिणाम घोषित, कई पदों पर निर्विरोध चयन तो कुछ सीटों पर हुआ मतदान
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा। नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन के तहत रुपन्देही क्षेत्र नंबर-3 में क्षेत्रीय कार्यसमिति तथा महाधिवेशन प्रतिनिधि चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी परिणाम पत्र के अनुसार क्षेत्रीय कार्यसमिति के सभापति पद पर पुरन प्रसाद श्रेष्ठ और सचिव पद पर प्रेम प्रसाद पौडेल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

जारी परिणाम के मुताबिक सहसचिव (महिला) पद पर अस्मिता सुवेदी शर्मा 348 मत प्राप्त कर विजयी रहीं, जबकि पल्लवी न्यौपाने को 333 मत मिले। सहसचिव (खुला) पद पर धनश्याम यादव 315 मत के साथ विजयी हुए।


क्षेत्रीय कार्यसमिति के कई सदस्य पदों पर विभिन्न समावेशी समूहों से उम्मीदवारों का निर्विरोध चयन भी किया गया है।

वहीं, महाधिवेशन प्रतिनिधि पद के परिणाम में महिला (प्रत्यक्ष) समूह से माधवी शर्मा, जनतनुन निसा धुनिया, बीना न्यौपाने और पुष्पा धरनी विजयी घोषित हुई हैं। दस्तावेज के अनुसार अन्य कई समूहों में भी उम्मीदवार निर्विरोध चयनित हुए हैं, जबकि कुछ सीटों पर मतदान के आधार पर प्रतिनिधियों का चयन हुआ।

नेपाली कांग्रेस के आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 15वें केंद्रीय महाधिवेशन का आयोजन असोज 16 से 19, 2083 तक निर्धारित है।
रुपन्देही-3 के जारी परिणाम ने अब आगामी केंद्रीय महाधिवेशन के लिए चुने गए प्रतिनिधियों की तस्वीर स्पष्ट कर दी है। इसी के साथ कांग्रेस के केंद्रीय महाधिवेशन की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
