महराजगंज में साइबर अपराध पर लगेगी लगाम, 13 स्थानों पर चलेगा जागरूकता अभियान

मनोज कुमार त्रिपाठी

महराजगंज। डिजिटल लेन-देन और इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी ठगी और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली जालसाजी से लोगों को बचाने के लिए महराजगंज पुलिस ने व्यापक साइबर जागरूकता अभियान शुरू किया है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम थाना/अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 13 विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुस्तकालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का उद्देश्य आमजन, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी देना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना और साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराना है। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध से बचाव में जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।

इन 13 स्थानों पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम

1. 03 अक्टूबर — देवकली इंटर कॉलेज, बासपार बैजौली, कोतवाली महराजगंज
2. 05 अक्टूबर — श्रीमती अनार कली देवी कन्या इंटर कॉलेज, राजपुर, श्यामदेउरवा
3. 06 अक्टूबर — विशप एकेडमी, कोतवाली महराजगंज
4. 07 अक्टूबर — पंडित काशी प्रसाद दीक्षित शिक्षण एवं प्रशिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पकड़ी भिटौली
5. 08 अक्टूबर — राजकीय जिला पुस्तकालय, कोतवाली महराजगंज
6. 09 अक्टूबर — एनसीसी कैम्प, सिसवा बाजार, थाना कोठीभार
7. 12 अक्टूबर — आदर्श इंटर कॉलेज, सिन्दुरिया
8. 13 अक्टूबर — केएमसी मेडिकल कॉलेज, कोतवाली महराजगंज
9. 14 अक्टूबर — व्यापार मंडल अग्रवाल अतिथि भवन, कोतवाली महराजगंज
10. 15 अक्टूबर — पैरामाउंट स्कूल, सिसवामुंशी, भिटौली
11. 16 अक्टूबर — ध्रुवनारायण महिला महाविद्यालय, हरिहरपुर सिन्दुरिया
12. 17 अक्टूबर — जवाहर नवोदय विद्यालय, कोतवाली महराजगंज
13. 19 अक्टूबर — सुभागी देवी इंटर कॉलेज, पनियरा

फर्जी लिंक से लेकर ऑनलाइन निवेश तक दी जाएगी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रमों में सुरक्षित वेब ब्राउजिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक, व्हाट्सऐप/टेलीग्राम फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश एवं वित्तीय धोखाधड़ी, पासवर्ड सुरक्षा, एप्लीकेशन सुरक्षा तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत

महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर फ्रॉड होने या ठगी की कोशिश की जानकारी मिलने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध के मामलों में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। जल्द शिकायत होने पर ठगी की रकम को होल्ड कराने की संभावना बढ़ सकती है।

इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। शिकायत के दौरान मोबाइल नंबर, स्क्रीनशॉट, संदिग्ध लिंक/URL, बैंक या UPI ट्रांजैक्शन आईडी, लेन-देन का विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना उपयोगी होगा।

पुलिस ने लोगों से ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, सीवीवी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की है। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK या एप्लीकेशन डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर मिलने वाले संदिग्ध संदेशों व ऑफरों से भी सावधान रहने को कहा गया है।

महराजगंज पुलिस ने लोगों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने और स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *