उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू ! नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने भारतीय सीमा से सटे नेपाल बॉर्डर का दौरा किया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि देशभर में जर्जर पुलिस भवनों का जल्द निर्माण किया जाएगा। खासकर सीमा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में सरकार संकल्पित है।
यह बातें शनिवार को विराटनगर नगर पालिका में भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करने के दौरान नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि देशभर में पुलिस कार्यालयों के जर्जर भवनों और कमजोर भौतिक आधारभूत संरचनाओं की समस्या से सरकार पूरी तरह अवगत है।
बजट की कमी के कारण अब तक निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो सका, लेकिन अब पुलिस भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए काम तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस संगठन के भौतिक ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्वीकार किया कि कई स्थानों पर पुलिस भवन काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जिससे कार्य संचालन प्रभावित हो रहा है।
गृहमंत्री ने कहा कि सरकार संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर पुलिस भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाएगी। उनका कहना था कि पुलिस की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वह कोसी प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।
इस दौरान सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस परिचालन, आधारभूत ढांचे की स्थिति और आवश्यक सुधारों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की जाएगी।
गृहमंत्री गुरुंग ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सामने आ रही चुनौतियों का समाधान कर सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि पुलिस बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सके।