नेपाल के रसुआ जिले में बाढ़ से हुई भीषण तबाही को देखते हुए महराजगंज में बढ़ाई गई सतर्कता

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! नेपाल के रसुआ जिले के सीमावर्ती तिमुरे क्षेत्र में तिब्बत की ओर से अचानक अत्यधिक जल प्रवाह आने के कारण भोटे कोशी नदी में आकस्मिक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना के बाद महाराजगंज जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। तिमुरे बाजार और आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में नुकसान की प्रारंभिक सूचना को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब नौ बजे नेपाल के रसुआ जिले के तिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक जल प्रवाह आने से भोटे कोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया। भोटे कोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के माध्यम से इसके निचले क्षेत्रों में प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर संबंधित तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। जलस्तर बढ़ने अथवा प्रशासन की चेतावनी जारी होने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी), महाराजगंज से संपर्क किया जा सकता है।

आपदा हेल्पलाइन 1077 के अलावा 05523-222162, 9628819145 और 9621333537 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *