80 चाय फैक्ट्रियां बंद, 50 हजार मजदूर बेरोजगार, सीमा क्षेत्रों में बढ़ी चिंता
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज ! नेपाल में वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान चाय उद्योग गंभीर संकट से गुजर रहा है। सीमा क्षेत्र के व्यापारिक और औद्योगिक सूत्रों के अनुसार नेपाल में करीब 80 चाय फैक्ट्रियां बंद हो चुकी हैं, जिससे लगभग 50 हजार श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उद्योग जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि चाय उत्पादन और निर्यात में लगातार गिरावट के कारण हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। फैक्ट्रियों के बंद होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापारियों ने नेपाल सरकार से उद्योगों को पुनर्जीवित करने और श्रमिकों के लिए राहत पैकेज की मांग की है।

व्यापारिक संगठनों का कहना है कि यदि उद्योगों के संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बेरोजगारी और आर्थिक संकट और गहरा सकता है। सीमा क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिल रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक रोजगार की तलाश में पलायन को मजबूर हैं।