नेपाल में नए राष्ट्रवादी राजनीतिक मोर्चे की तैयारी तेज, दो दर्जन से अधिक दल एक मंच पर आने को तैयार

दुर्गा प्रसाईं और डॉ. धवलशमशेर राणा के नेतृत्व में नई राजनीतिक शक्ति का गठन, पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह अभी गोपनीय

काठमांडू (नेपाल)। नेपाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव की आहट सुनाई देने लगी है। देश में एक नई राष्ट्रवादी राजनीतिक शक्ति के निर्माण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है, जिसके तहत दो दर्जन से अधिक राजनीतिक दलों को एक साझा मंच के तहत संगठित करने की तैयारी चल रही है।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा प्रसाईं के नेतृत्व वाले नागरिक बचाउ दल, डॉ. धवलशमशेर राणा के नेतृत्व वाले राप्रपा नेपाल परित्याग समूह, माधव कल्पित के नेतृत्व वाले नागरिक बचाउ दल नेपाल तथा विजयप्रसाद निषाद के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय समता पार्टी नेपाल के बीच एकता प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है।

इसके अलावा तारानाथ लुइँटेल की प्रजातान्त्रिक नेपाल, विष्णुजंग बस्नेत की हाम्रो स्वतन्त्र पार्टी, मोतीलाल भारती की नेपाल समावेशी पार्टी, द्रोण अधिकारी के नेतृत्व वाला देशभक्त नेपाल सहित कई अन्य राजनीतिक संगठन भी इस राष्ट्रवादी अभियान से जुड़ने की तैयारी में हैं।

गत 22 जेठ को आयोजित सामूहिक घोषणा सभा के बाद सर्वोच्च नेता दुर्गा प्रसाईं और पार्टी अध्यक्ष डॉ. धवलशमशेर राणा के नेतृत्व में संगठन विस्तार और विभिन्न दलों के समायोजन का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। नागरिक बचाउ दल के अध्यक्ष एवं नवगठित विधान मसौदा समिति के संयोजक माधव कल्पित ने बताया कि एक मजबूत राष्ट्रवादी राजनीतिक विकल्प खड़ा करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है।

वार्ता समिति के संयोजक राजु आचार्य के अनुसार सभी राष्ट्रवादी शक्तियों को एक छाता संगठन के अंतर्गत लाने के लिए 25 उपसमितियों का गठन किया गया है, जो विभिन्न स्तरों पर समन्वय और संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक आगामी 31 जेठ को राजधानी काठमांडू में एकता, परिचयात्मक तथा जिम्मेदारी हस्तांतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है।

उधर, नए राजनीतिक दल के पंजीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि पार्टी का नाम, झंडा और चुनाव चिन्ह अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है और इसे फिलहाल गोपनीय रखा गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह एकता सफल होती है तो नेपाल की राजनीति में राष्ट्रवादी धारा को एक नया और मजबूत राजनीतिक विकल्प मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *