चार शवों की बरामदगी से मचा था हड़कंप, SSB ने कहा—RRT 24 घंटे तैनात, घबराने की जरूरत नहीं
सुस्ता/सोनौली बॉर्डर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद सुस्ता गाउँपालिका और आसपास के इलाकों में बनी चिंता के बीच अब राहत की खबर सामने आई है। फिलहाल सुस्ता गाउँपालिका में स्थिति सामान्य है और 27 अगस्त के बाद किसी नए शव की बरामदगी नहीं हुई है।
द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ से बातचीत में SSB इंस्पेक्टर अरुण पांडेय ने बताया कि 27 अगस्त को स्थान ए समवाय पतलावा के कार्यक्षेत्र ठोंकर संख्या 1 मे चार शव बरामद किए गए थे। बरामद शवों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। बाढ़ के तेज बहाव के बीच चार शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था।
हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक 27 अगस्त के बाद अब तक कोई नया शव नहीं मिला है। सुस्ता क्षेत्र में फिलहाल हालात सामान्य हैं और किसी नए खतरे की सूचना नहीं है।
24 घंटे अलर्ट पर RRT
SSB इंस्पेक्टर अरुण पांडेय के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल (RRT) 24 घंटे तैनात है। टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है।
अधिकारी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। बाढ़ के बाद नदी और सीमावर्ती इलाकों की स्थिति पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।
चार शवों की बरामदगी के बाद सुस्ता में अब तक कोई नई शव बरामदगी नहीं होना राहत की बात है। सुरक्षा एजेंसियों की 24 घंटे निगरानी के बीच फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।


