उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली में एसएसबी जवानों द्वारा नियमित जांच के दौरान एक व्यक्ति को 500 ग्राम चांदी के छोटे दानों के साथ पकड़ा गया। बरामद चांदी को अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद इकबाल के रूप में हुई है, जो जयपुर का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह चांदी जयपुर से खरीदकर काठमांडू ले जा रहा था।
सीमा पर लगातार सामने आ रहे चांदी तस्करी के मामलों को देखते हुए जांच एजेंसियां इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले नौतनवां कस्टम ने एक कार से चांदी की खेप बरामद कर दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया था।
एसएसबी ने बरामद चांदी और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, नौतनवां के सुपुर्द कर दिया है।
अधिकारियों द्वारा मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।