स्थानांतरण का अभी तक कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ, शासन स्तर पर केवल पदोन्नति की संभावना- सौरभ श्रीवास्तव
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जिले के नौतनवां तहसील में तैनात नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव की संभावित पदोन्नति और स्थानांतरण की चर्चाओं ने तहसील परिसर का माहौल गर्मा दिया है। अभी तक शासन स्तर से कोई स्थानांतरण आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन संभावित तबादले की खबर ने अधिवक्ताओं को दो खेमों में बांट दिया है।
बता दें कि करीब तीन वर्षों से अधिक समय से नौतनवां तहसील में कार्यरत नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव के तहसीलदार पद पर पदोन्नत होकर स्थानांतरित होने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच अधिवक्ताओं के बीच उनके न्यायालय के बहिष्कार को लेकर विवाद गहरा गया है।
एक ओर अधिवक्ता सचिन श्रीवास्तव ने बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र सौंपकर नायब तहसीलदार न्यायालय के बहिष्कार की मांग की है। वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता प्रभाकर पांडेय ने बहिष्कार का विरोध करते हुए न्यायिक कार्य सुचारु रूप से जारी रखने की मांग वाला अलग प्रार्थना पत्र अध्यक्ष को सौंपा है। दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्रों पर दर्जनों अधिवक्ताओं के हस्ताक्षर होने से मामला और अधिक चर्चा का विषय बन गया है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, मंत्री दयानंद यादव और उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि इस संवेदनशील मुद्दे पर कोई भी निर्णय एकतरफा नहीं लिया जाएगा।
बार संघ की बैठक बुलाकर सभी अधिवक्ताओं की राय ली जाएगी और उसी के आधार पर तय होगा कि न्यायालय का बहिष्कार किया जाएगा या नहीं।
वहीं नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने संभावित स्थानांतरण की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी उनका स्थानांतरण नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर केवल पदोन्नति की संभावना है और अभी तक कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
फिलहाल संभावित तबादले की अटकलों ने नौतनवां तहसील की सियासत और अधिवक्ता समुदाय में हलचल तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें बार संघ की प्रस्तावित बैठक और शासन के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।